माउंट आबू में पहली बार होगा बर्ड फेस्टिवल, CRPF अकादमी के मैदान में जुटेंगे पक्षी विशेषज्ञ*

उदयपुर, 18 अक्टूबर। अरावली की गोद में बसे राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू की फिजाओं में जल्द ही परिंदों की चहचहाहट पर चर्चा होगी। यहां पहली बार दो दिवसीय *माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026’* का आयोजन 28 और 29 नवंबर को किया जाएगा।

त्योहार की तैयारियों को लेकर ग्रीन पीपल सोसायटी (GPS) उदयपुर के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को माउंट आबू पहुंचकर उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में सेवानिवृत्त IFS राहुल भटनागर, सेवानिवृत्त IAS विक्रम सिंह और इंद्रजीत माथुर शामिल रहे।

CRPF मैदान में होगा आयोजन
आयोजन स्थल के लिए CRPF की आंतरिक सुरक्षा अकादमी के कमांडेंट महेंद्र कुमार और DIG भरत भूषण से भी सहमति मिल गई है। यह महोत्सव अकादमी के मैदान में होगा। इसमें WWF-India, राजस्थान वन विभाग और CRPF अकादमी सहयोगी रहेंगे।

*400 बच्चे बनेंगे नन्हे पक्षी विशेषज्ञ*
फेस्टिवल का सबसे बड़ा आकर्षण स्कूली बच्चों की भागीदारी होगी। प्रदेशभर से 400 विद्यार्थी बर्ड वॉक, चित्रकला और क्विज में हिस्सा लेंगे। विशेषज्ञ उन्हें जंगल में पक्षियों की पहचान और उनके व्यवहार के बारे में बताएंगे।

कार्यक्रम में भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के निदेशक गोविंद सागर भारद्वाज और बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी (BNHS) के रजत भार्गव के व्याख्यान होंगे।
स्व. अनिल माथुर को समर्पित
यह फेस्टिवल माउंट आबू के प्रसिद्ध पक्षी विशेषज्ञ स्व. अनिल माथुर को समर्पित है। समापन पर ‘अनिल माथुर संरक्षण पुरस्कार’ दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि माउंट आबू अभयारण्य में 250 से अधिक पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें ग्रीन मुनिया और पैराडाइज फ्लाईकैचर दुर्लभ हैं।

आयोजकों ने बताया कि इसे सिर्फ दो दिन का आयोजन नहीं, बल्कि दीर्घकालीन संरक्षण अभियान के रूप में विकसित किया जाएगा, जो प्लास्टिक मुक्त होगा।