उदयपुर में आज जिला परिषद-प्रधान और कल सरपंच पदों के लिए निकलेगी लॉटरी*

पंचायती राज चुनाव में लंबे समय से तारीखों के उलटफेर के बाद आखिर वो घड़ी आ गई जिसका पंचायती राज के हजारों दावेदारों को इंतजार था। जी हां, पंचायती राज चुनावों के लिए किस्मत का पिटारा आज खुलेगा।

जिला निर्वाचन शाखा के अनुसार, आज 23 सितंबर को सुबह 9:30 बजे जिला परिषद सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी के सानिध्य में लॉटरी प्रक्रिया शुरू होगी। आज जिला परिषद सदस्य, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों की सीटों पर आरक्षण तय होगा। इस दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।

वहीं कल 24 सितंबर को असली सस्पेंस खत्म होगा, जब उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद साफ हो जाएगा कि किस पंचायत में किस वर्ग का सरपंच बनेगा और कौन कहां से चुनाव लड़ सकेगा।

जैसे-जैसे लॉटरी का समय नजदीक आ रहा है, जिला परिषद कार्यालय में हलचल तेज हो गई है।